जालंधर /केवल कृष्ण : पिछले लगभग 3 महीनों से बस्ती नौं, नजदीक बर्फ कारखाने के पास सिवरेज जाम होने से पानी सड़कों पर भरा पड़ा है । आज आसपास के दुकानदारों के सब्र का बांध टूट गया जिससे उन्होंने जालंधर वेस्ट के विधायक मोहिंदर भगत तथा आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ नारेबाजी की । उनका कहना है कि लगातार शिकायत करने के बावजूद भी उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही । समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है।
यहां यह बताना भी जरूरी है कि इस चौंक से सड़कें बस्ती गुंजान, बस्ती नौं,जेपी नगर को जाती है वहीं आर्य कन्या स्कूल,इंडो जर्मन विद्या केंद्र, स्वामी संत दास स्कूल जाने वाले बच्चों को भी भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है, यही नहीं यहां रहने वाले लोगों का कहना है कि सिवरेज बंद होने से हर समय यहां बदबूदार गंदा पानी भरा रहता है जिससे यहां रहना मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि हमारे रिश्तेदारों ने भी हमारे घरों में आना छोड़ दिया है।
वहीं दुकानदारों ने बताया कि पिछले लंबे समय से गंदे पानी के खड़े रहने से हमारी दुकानों पर ग्राहकों ने आना बंद कर दिया है जिससे उनकी दुकानदारी लगभग बंद होने के कगार पर पहुंच चुकी है दुकानदारों का कहना है कि अगर इस समस्या का जल्द समाधान ना हुआ तो वह दुकानों को ताले लगाकर चाबियां विधायक को सौंप देंगे।
