पुलिस ने एक पाकिस्तानी जासूस को किया गिरफ्तार
सक्षम पंजाब/दीपक लखनपाल
अमृतसर/तरनतारन : पंजाब से मिली काउंटर इंटेलिजेंस जानकारी के आधार पर, तरनतारन पुलिस ने तेज़ी से कार्रवाई करते हुए एक संयुक्त ऑपरेशन में गगनदीप सिंह उर्फ़ गगन, निवासी मोहल्ला रोडूपुर, गली नजर सिंह वाली, तरनतारन को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी "ऑपरेशन सिंधूर" के दौरान सेना की गतिविधियों से जुड़ी संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान की आई.एस.आई. और खालिस्तानी समर्थक गोपाल सिंह चावला के साथ साझा करता था।
जांच से पता चला है कि वह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा उत्पन्न करने वाली सूचनाएं, जैसे कि सैन्य तैनाती और रणनीतिक स्थानों से जुड़ी वर्गीकृत जानकारियां साझा करने में संलिप्त था।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि गगनदीप सिंह पिछले पाँच वर्षों से पाकिस्तान स्थित खालिस्तानी समर्थक गोपाल सिंह चावला के संपर्क में था, और उसी के ज़रिए उसकी पहचान पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑपरेटिव्स (पी.आई.ओज़.) से करवाई गई थी। उसे भारतीय चैनलों के माध्यम से पी.आई.ओज़. से भुगतान भी प्राप्त हुए।
गगनदीप के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिसमें वह खुफिया जानकारी मौजूद थी जो उसने पी.आई.ओज़. के साथ साझा की थी। साथ ही, 20 से अधिक आई.एस.आई. संपर्कों के विवरण भी पाए गए हैं। इस जासूसी नेटवर्क की पूरी संरचना का पता लगाने और अन्य संबद्ध व्यक्तियों की जानकारी के लिए व्यापक वित्तीय और तकनीकी जांच की जा रही है।
तरनतारन के सिटी पुलिस स्टेशन में सरकारी गुप्त सूचना अधिनियम के तहत एक एफ.आई.आर. दर्ज की गई है, और आगे की जांच जारी है।
पंजाब पुलिस हमारे देश की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए वचनबद्ध है और देशविरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।