आप को झटका: रविंदर बंसल की अकाली दल में एंट्री, जालंधर सेंट्रल में बड़ी जिम्मेदारी मिलने के संकेत
सक्षम पंजाब/केवल कृष्ण
जालंधर : पंजाब की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम के तहत आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता रविंदर बंसल ने आज शिरोमणि अकाली दल का दामन थाम लिया। उन्होंने पार्टी प्रधान सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में अकाली दल की सदस्यता ग्रहण की।इस मौके पर सुखबीर बादल ने बंसल का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि उनके शामिल होने से पार्टी को जालंधर सेंट्रल क्षेत्र में पहले से कही अधिक मजबूती मिलेगी।
सूत्रों के अनुसार पार्टी नेतृत्व रविंदर बंसल के राजनैतिक अनुभव और जनाधार को देखते हुए जल्द ही उन्हें जालंधर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। माना जा रहा है कि संगठन को मजबूत करने और क्षेत्र में पार्टी की पकड़ बढ़ाने के लिए उन्हें अहम भूमिका दी जाएगी।
रविंदर बंसल, जो आम आदमी पार्टी के अर्बन सेवा संगठन जिला जालंधर के प्रधान के रूप में सक्रिय रहे थे, लंबे समय से जमीनी स्तर पर लोगों के बीच काम करते आ रहे हैं। शहरी मुद्दों और जनसेवा के क्षेत्र में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है।
इस मौके पर बंसल ने कहा कि उन्होंने अकाली दल की नीतियों और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए यह फैसला लिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह पार्टी को और मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।
राजनीतिक जानकारों का भी मानना है कि बंसल के इस कदम से जालंधर सेंट्रल की राजनीति में नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं।
