गुरदीप सिंह गोशा ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से की मुलाकात, लुधियाना आगमन पर कृपाण और सिरोपा देकर किया सम्मान
सक्षम पंजाब/दलवीर सिंह
लुधियाना: पंजाब भाजपा मीडिया पैनलिस्ट गुरदीप सिंह गोशा ने भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी से विशेष मुलाकात की। लुधियाना आगमन पर गुरदीप सिंह गोशा ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें कृपाण और सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री श्री तरुण चुग जी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
गुरदीप सिंह गोशा ने कहा कि श्री नितिन नवीन जी उस पावन धरती श्री पटना साहिब से आते हैं, जो हमारे दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की जन्मस्थली और महान इतिहास से जुड़ी भूमि है। उन्होंने कहा कि ऐसी पवित्र धरती से जुड़े व्यक्ति को भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व मिलना गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने श्री नितिन नवीन जी को प्रणाम करते हुए कहा कि पंजाब की धरती पर उनका स्वागत करना हमारे लिए सम्मान की बात है।
गुरदीप सिंह गोशा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के साथ पंजाब के मौजूदा राजनीतिक हालात और जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पंजाब का हर भाजपा कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा, मेहनत और समर्पण के साथ पार्टी को मजबूत करने में लगा हुआ है। आने वाले समय में पंजाब में भाजपा की सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर लगातार काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता आज बदलाव चाहती है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पंजाब में गुंडागर्दी, नशे की समस्या, बेरोजगारी, किसानों की परेशानियां और व्यापारियों की समस्याएं लगातार बढ़ी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा की नीतियां पंजाब को फिर से विकास, रोजगार, उद्योग और खुशहाली के रास्ते पर लेकर जाएंगी।
गुरदीप सिंह गोशा ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य पंजाब को एक मजबूत, सुरक्षित और समृद्ध राज्य बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश लगातार तरक्की कर रहा है और पंजाब में भी भाजपा की डबल इंजन सरकार बनने से विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पंजाब भाजपा का हर कार्यकर्ता जनता की आवाज बनकर काम कर रहा है और आने वाले समय में पंजाब को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए पूरी ताकत से प्रयास जारी रहेंगे।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सुमन वर्मा, सनी खोसला,सुमित टंडन,सर्वजीत सिंह नरूला, सुखवंत सिंह टीलु , समरता कौर,गौरव अरोड़ा,कीमती रावल,आशीष भारती, निर्मल नैयर ,प्रभजीत सिंह पदेर पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
