पंजाब सरकार ने सभी ज़िलों के डिप्टी कमिश्नरों को जारी किए सख़्त आदेश

 पंजाब सरकार ने सभी ज़िलों के डिप्टी कमिश्नरों को जारी किए सख़्त आदेश


            केबिनेट मंत्री पंजाब डॉ बलजीत कौर 

सक्षम पंजाब/केवल कृष्ण 

पंजाब सरकार ने राज्य के सभी डिप्टी कमिश्नरों को सख़्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि भीख मांगने वाले बच्चों का डीएनए टेस्ट करवाया जाए।

इस संबंध में जानकारी देते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि अगर पंजाब जैसे राज्य में भी इस तरह का (बच्चों से भीख मंगवाने का) कार्य हो रहा है, तो यह हमारी ज़िम्मेदारी बनती है कि हम आगे आएं और इन मासूम ज़िंदगियों को बचाएं।

डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि हमने फैसला लिया है कि जो भी बच्चे किसी वयस्क के साथ इस तरह भीख मांगते हुए पाए जाते हैं, उनका डीएनए टेस्ट करवाया जाएगा। इस बाबत हमने पंजाब के सभी ज़िलों के डीसीज़ को आदेश जारी कर दिए हैं।

उन्होंने बताया कि जब इन बच्चों का डीएनए टेस्ट होगा, तो फिर उन्हें हमारी चाइल्ड वेलफेयर कमेटियों के पास ले जाया जाएगा। डीएनए टेस्ट के बाद इन बच्चों को बालगृहों (बाल आश्रमों) में रखा जाएगा। जो लोग अपने आप को इन बच्चों के माता-पिता बताते हैं, उन्हें बच्चों के साथ तभी तक रहने दिया जाएगा जब तक डीएनए रिपोर्ट नहीं आ जाती।

अगर यह साबित हो जाता है कि वे व्यक्ति बच्चों के असली माता-पिता नहीं हैं, तो उनके लिए सख़्त सज़ा का प्रावधान है — जैसे कि उन्हें जेल जाना पड़ सकता है।

डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि हम इस पर बहुत सख़्ती से कार्रवाई कर रहे हैं ताकि पंजाब की सड़कों पर जो बच्चे भीख मांगते हैं, उन्हें पूरी तरह से सड़कों से हटाकर स्कूलों की ओर ले जाया जाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post