स्कूलों में नहीं होंगी समय से पहले छुट्टियां,30 मई को पंजाब के सरकारी स्कूलों में होगी मेगा पीटीएम और अभिभावक कार्यशाला
सक्षम पंजाब /केवल कृष्ण
जालंधर : पंजाब के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों, अभिभावकों और अध्यापकों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के उद्देश्य से 30 मई 2026 को “मेगा पीटीएम” (Parent Teacher Meeting) तथा अभिभावक कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इस संबंध में राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), पंजाब द्वारा सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी पत्र के अनुसार, शिक्षा विभाग का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, गतिविधियों और उपलब्धियों से अभिभावकों को अवगत करवाना है। इस मेगा पीटीएम के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई, परीक्षा परिणाम तथा स्कूलों में चल रही विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, करियर मार्गदर्शन तथा प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे JEE, CLAT और अन्य परीक्षाओं संबंधी जानकारी भी प्रदान की जाएगी। बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने की भी योजना है।
शिक्षा विभाग ने सभी स्कूल प्रमुखों और अध्यापकों को निर्देश दिए हैं कि अधिक से अधिक अभिभावकों की भागीदारी सुनिश्चित कर इस कार्यक्रम को सफल बनाया जाए। विभाग का मानना है कि अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता से विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में और सुधार आएगा।