अक्टूबर में 16 दिन बंद रहेंगे बैंक, राज्यवार अलग-अलग होंगी छुट्टियां
सक्षम पंजाब/केवल कृष्ण
जालंधर : अक्टूबर 2026 में त्योहारों, राष्ट्रीय पर्व और साप्ताहिक अवकाश के चलते देश के अलग-अलग राज्यों और शहरों में बैंक कुल 16 दिन बंद रहेंगे। हालांकि, सभी राज्यों में बैंक की छुट्टियां एक जैसी नहीं होंगी। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के अवकाश कैलेंडर के अनुसार छुट्टियां राज्य और शहर के हिसाब से अलग-अलग लागू होंगी।
अक्टूबर महीने की प्रमुख बैंक छुट्टियों में 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के कारण देशभर में बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा 4, 11 और 18 अक्टूबर को रविवार तथा 10 और 24 अक्टूबर को दूसरा और चौथा शनिवार होने के कारण बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा।
त्योहारों के चलते भी कई राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। 19 अक्टूबर को महाष्टमी/दुर्गा पूजा के अवसर पर अगरतला, कोलकाता, पटना और रांची सहित कुछ शहरों में बैंक अवकाश रहेगा। 22 और 23 अक्टूबर को दुर्गा पूजा/दसैं के कारण सिक्किम के गंगटोक में बैंक बंद रहेंगे।
इसी तरह 26 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती और लक्ष्मी पूजा के अवसर पर शिमला और श्रीनगर जैसे कुछ स्थानों पर बैंक अवकाश रहेगा। 29 अक्टूबर को करवा चौथ के कारण हिमाचल प्रदेश में बैंक बंद रहेंगे, जबकि 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती के अवसर पर गुजरात में बैंक अवकाश रहेगा।
डिजिटल बैंकिंग सेवाएं रहेंगी जारी
बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद ग्राहकों के लिए इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, UPI और अन्य डिजिटल बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहेंगी। ऐसे में जरूरी डिजिटल लेन-देन घर बैठे किए जा सकते हैं।
ग्राहकों को सलाह दी गई है कि बैंक शाखा से संबंधित जरूरी कार्य छुट्टियों को ध्यान में रखते हुए पहले ही निपटा लें। स्थानीय अवकाश के कारण किसी विशेष शहर में बैंक बंद है या नहीं, इसकी पुष्टि संबंधित बैंक शाखा या आधिकारिक अवकाश सूची से करना उचित रहेगा।
