एलपीयू में कथित रेप की सूचना के बाद छात्रों का हंगामा, हाईवे पर लगाया जाम यूनिवर्सिटी कैंपस में तोड़फोड़ और आगजनी की सूचना, पुलिस ने कहा—प्राथमिक जांच में रेप का मामला सामने नहीं आया

 एलपीयू में कथित रेप की सूचना के बाद छात्रों का हंगामा, हाईवे पर लगाया जाम

यूनिवर्सिटी कैंपस में तोड़फोड़ और आगजनी की सूचना, पुलिस ने कहा—प्राथमिक जांच में रेप का मामला सामने नहीं आया



सक्षम पंजाब/केवल कृष्ण 

जालंधर/फगवाड़ा: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में शनिवार-रविवार की मध्य रात कथित रेप की सूचना सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतर आए। सूचना फैलते ही यूनिवर्सिटी परिसर में तनाव की स्थिति पैदा हो गई और छात्रों ने जमकर हंगामा किया।

बताया जा रहा है कि छात्रों ने यूनिवर्सिटी कैंपस में तोड़फोड़ की तथा एक हिस्से में आग लगा दी। इसके बाद मुख्य गेट के बाहर भी छात्रों की भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित छात्रों ने दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर धरना देकर यातायात रोक दिया, जिससे दोनों दिशाओं में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

जानकारी के अनुसार, रात करीब ढाई बजे शुरू हुआ ट्रैफिक जाम काफी समय तक जारी रहा। लुधियाना-जालंधर हाईवे पर जाम के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए गए।

वहीं, एसएसपी कपूरथला गोरव तुर की ओर से कहा गया है कि प्राथमिक जांच के दौरान रेप का कोई मामला सामने नहीं आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही सूचना की जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर भरोसा न करने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।

फिलहाल मामले को लेकर यूनिवर्सिटी परिसर और आसपास के क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है तथा पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post