जालंधर में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने शुरू किया डोर-टू-डोर अभियान
कहा—जनसंपर्क अभियान के जरिए पंजाब सरकार के विकास कार्यों व जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाया जाएगा
सक्षम पंजाब/केवल कृष्ण
जालंधर, 21 सितंबर: पंजाब के बागवानी एवं रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने सोमवार को जालंधर में डोर-टू-डोर अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के तहत लोगों को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा कार्यकाल के दौरान करवाए गए विकास कार्यों और जनहितैषी पहलों की जानकारी घर-घर जाकर दी जाएगी।
बस्ती नौ क्षेत्र में घर-घर जाकर पंफलेट वितरित करते हुए कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य सरकार के कार्यों को सीधे जनता तक पहुंचाना है, ताकि लोग पंजाब के विकास और जनकल्याण के लिए शुरू की गई योजनाओं से अवगत हो सकें।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा राज्य में 19 टोल प्लाजा बंद किए गए हैं, जिससे वाहन चालकों को प्रतिदिन करीब 64 लाख रुपये की बचत हो रही है। उन्होंने सड़क सुरक्षा बल (SSF) का जिक्र करते हुए कहा कि इस पहल के माध्यम से 2,700 से अधिक लोगों की जान बचाने में मदद मिली है।
कृषि एवं सिंचाई क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाते हुए मंत्री ने कहा कि किसानों के खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने के लिए करीब 14,000 किलोमीटर भूमिगत पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, जबकि इस वर्ष के अंत तक 7,000 किलोमीटर अतिरिक्त पाइपलाइन बिछाने की योजना है। उन्होंने कहा कि नहरी पानी के बढ़ते इस्तेमाल से भूजल पर निर्भरता कम करने में मदद मिली है।
बिजली क्षेत्र में सरकार की पहलों का उल्लेख करते हुए मोहिंदर भगत ने कहा कि किसानों को दिन के समय निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध करवाई जा रही है तथा घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि गोइंदवाल साहिब थर्मल पावर प्लांट की खरीद से पंजाब के बिजली ढांचे को और मजबूती मिली है।
रोजगार के संबंध में उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यकाल के दौरान 71,000 से अधिक सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने दावा किया कि भर्ती प्रक्रिया योग्यता के आधार पर और बिना रिश्वत या राजनीतिक सिफारिश के की गई है।
उन्होंने शिक्षा और खेल के क्षेत्र में सरकार की पहलों, विशेष रूप से ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि डोर-टू-डोर अभियान के माध्यम से लोगों को सरकार के कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी प्रत्यक्ष रूप से दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इन पहलों से पंजाब के समग्र विकास को गति मिली है।
इससे पहले अपने कार्यालय में अभियान की शुरुआत के अवसर पर पार्षदों, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए मोहिंदर भगत ने सभी से आह्वान किया कि वे हर घर तक पहुंचकर लोगों को पंजाब सरकार के विकास कार्यों और उपलब्धियों से अवगत करवाएं।

