पंजाब कांग्रेस में बड़े बदलाव की तैयारी, राजा वड़िंग की जगह नए चेहरे को मिल सकती है जिम्मेदारी

 पंजाब कांग्रेस में बड़े बदलाव की तैयारी, राजा वड़िंग की जगह नए चेहरे को मिल सकती है जिम्मेदारी

विजय इंदर सिंगला का नाम सबसे आगे, हाईकमान जल्द कर सकता है ऐलान



सक्षम पंजाब/केवल कृष्ण

चंडीगढ़ : पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव की चर्चाओं ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) के नेतृत्व में बदलाव का फैसला किया है। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को पद से हटाए जाने की जानकारी सामने आई है और नए अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में बताई जा रही है। 

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला का नाम नए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के लिए प्रमुखता से सामने आ रहा है। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया है कि हाईकमान ने सिंगला के नाम को मंजूरी भी दे दी है और औपचारिक घोषणा जल्द होने की संभावना है। हालांकि, अंतिम आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। 

प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए परगट सिंह, सुखबिंदर सिंह सरकारिया, गुरजीत सिंह औजला और सुखजिंदर सिंह रंधावा समेत कई अन्य वरिष्ठ नेताओं के नाम भी चर्चा में रहे हैं। कांग्रेस नेतृत्व ने हाल के दिनों में पंजाब संगठन के भीतर चल रही गतिविधियों और विभिन्न नेताओं से मिले फीडबैक के आधार पर बदलाव की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है। 

गौरतलब है कि सितंबर में कांग्रेस हाईकमान ने सचिन पायलट को पंजाब मामलों का AICC प्रभारी नियुक्त किया था। इसके बाद पंजाब कांग्रेस संगठन को लेकर हाईकमान की सक्रियता बढ़ी है। पायलट ने प्रदेश कांग्रेस के नेताओं से बातचीत कर संगठन की स्थिति का फीडबैक लिया था। अब सबकी नजर कांग्रेस हाईकमान की औपचारिक घोषणा पर टिकी है। यदि विजय इंदर सिंगला को जिम्मेदारी मिलती है तो यह पंजाब कांग्रेस के संगठन में एक महत्वपूर्ण बदलाव होगा और नए प्रदेश अध्यक्ष के सामने पार्टी संगठन को मजबूत करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने की जिम्मेदारी होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post