1 अक्टूबर से कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा, ₹70 तक बढ़े दाम; घरेलू सिलेंडर के रेट स्थिर
सक्षम पंजाब/संजीव गुप्ता
जालंधर। अक्टूबर महीने की शुरुआत के साथ ही व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर इस्तेमाल करने वालों को महंगाई का झटका लगा है। तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में करीब ₹62.50 से ₹71.50 तक की बढ़ोतरी की है। नई कीमतें 1 अक्टूबर 2026 से लागू हो गई हैं। वहीं राहत की बात यह है कि 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों में भी कमर्शियल सिलेंडर महंगा हुआ है। उपलब्ध नए रेट के अनुसार भोपाल में 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर ₹2,815, जबकि इंदौर में ₹2,919.50 का हो गया है। भोपाल में पिछले महीने के मुकाबले ₹62.50 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि इंदौर में ₹63.50 की वृद्धि हुई है।
शहरों में नए रेट
भोपाल: ₹2,815
इंदौर: ₹2,919.50
जबलपुर: करीब ₹3,030
ग्वालियर: करीब ₹3,037
उज्जैन: करीब ₹2,980
रीवा: करीब ₹3,066
कमर्शियल गैस के दाम बढ़ने का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, कैटरिंग और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की लागत पर पड़ सकता है। त्योहारी सीजन शुरू होने के बीच हुई यह बढ़ोतरी कारोबारियों के लिए अतिरिक्त खर्च बढ़ाने वाली है।
घरेलू गैस सिलेंडर के दाम नहीं बदले
घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 14.2 किलो वाले सिलेंडर की कीमत फिलहाल स्थिर रखी गई है। भोपाल में घरेलू सिलेंडर ₹947.50 और इंदौर में ₹970 में उपलब्ध है।
यानी इस बार महंगाई का असर मुख्य रूप से कमर्शियल गैस इस्तेमाल करने वाले कारोबारियों पर पड़ा है, जबकि घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली हुई है।
